15 वर्षीय नाबालिग बेटी के दोबारा लापता होने से परिवार में मचा हड़कंप, पिता ने लगाया बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप

0

 15 वर्षीय नाबालिग बेटी के दोबारा लापता होने से परिवार में मचा हड़कंप, पिता ने लगाया बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप



हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के दोबारा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने थाना क्षेत्र के जनिगांव निवासी पवन पुत्र राधेश्याम पर अपनी 15 वर्षीय पुत्री को बार-बार बहला-फुसलाकर घर से ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली अतरौली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित पिता का कहना है कि उसके सात पुत्र-पुत्रियों में तीसरे नंबर की 15 वर्षीय पुत्री को आरोपित और उसके परिजनों की कथित मिलीभगत से पहले भी कई बार घर से भगाया जा चुका है। इस संबंध में परिवार को कई बार थाने के चक्कर लगाने पड़े। शिकायत के बाद पुलिस ने पवन कुमार, चंदन कुमार तथा राधेश्याम के दामाद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि समय रहते प्रभावी कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से आरोपितों के हौसले और बढ़ गए।शिकायत के अनुसार, 21 जुलाई 2026 की रात नाबालिग पुत्री अपने घर से अचानक लापता हो गई। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो बेटी घर पर नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।पीड़ित पिता का आरोप है कि उसकी पुत्री को दोबारा योजनाबद्ध तरीके से बहला-फुसलाकर कहीं भेज दिया गया है। परिवार इस घटना के बाद गहरे सदमे और चिंता में है। उनका कहना है कि नाबालिग की सुरक्षा को लेकर उन्हें लगातार भय बना हुआ है।परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई करते हुए नाबालिग किशोरी की शीघ्र बरामदगी तथा आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस इस मामले में अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इस प्रकरण पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)