जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर बड़ा हादसा, रामसू में टेंपो पर गिरा विशाल बोल्डर; पति-पत्नी की मौत और 5 घायल
ऊधमपुर। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को रामबन जिले के रामसू क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में एक टेंपो पर पहाड़ी से विशाल बोल्डर गिर जाने से दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया तथा मलबा हटाकर सड़क को यातायात के लिए बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो (जेके06बी-9842) श्रीनगर से डोडा जिले की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन रामसू क्षेत्र में पहुंचा, अचानक पहाड़ी से एक विशाल बोल्डर लुढ़ककर सीधे टेंपो पर आ गिरा। बोल्डर की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
दो यात्रियों की मौत, कई घायल
हादसे में दो यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों की पहचान नज़ीर अहमद और उनकी पत्नी शकीला बेगम के रूप में हुई है, दोनों धांदला, काश्तीगढ़ के रहने वाले थे। इसके अलावा अन्य घायल भी डोडा जिले के काश्तीगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) रामसू पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
बचाव अभियान के दौरान क्षतिग्रस्त टेंपो को क्रेन की सहायता से सड़क से हटाया गया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरे मलबे और पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू किया गया ताकि यातायात सामान्य किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि सड़क को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
यात्रियों के लिए एडवाइजरी
पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समाचार लिखे जाने तक मृतकों और घायलों की आधिकारिक पहचान सार्वजनिक नहीं की गई थी। प्रशासन ने कहा है कि मामले से संबंधित अन्य जानकारी उपलब्ध होते ही साझा की जाएगी।
वहीं, प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रा करने से पहले ट्रैफिक कंट्रोल रूम से सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें और लैंडस्लाइड संभावित इलाकों में विशेष सावधानी बरतें।

एक टिप्पणी भेजें