Type Here to Get Search Results !

सरस्वती विद्या मंदिर में ‘कोर्स’ के नाम पर खेल! अभिभावक ने लगाया कमीशनखोरी व शोषण का आरोप, बीएसए से शिकायत

India100news 0


 सरस्वती विद्या मंदिर में ‘कोर्स’ के नाम पर खेल! अभिभावक ने लगाया कमीशनखोरी व शोषण का आरोप, बीएसए से शिकायत




गोला गोकर्णनाथ खीरी लखीमपुर रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते चर्चा में है। विद्यालय के एक अभिभावक ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) लखीमपुर खीरी को संबोधित शिकायत पत्र भेजकर विद्यालय प्रबंधन पर पुस्तकों व कॉपियों के नाम पर कथित भ्रष्टाचार, अवैध वसूली और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। नगर निवासी अविनाश चंद्र गुप्ता, जिनका बच्चा कक्षा 4 (सी) में अध्ययनरत है, ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015326019911 दर्ज कराते हुए कहा है कि विद्यालय प्रशासन प्रत्येक वर्ष नया कोर्स खरीदने के लिए अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव बनाता है। उनका आरोप है कि यदि अभिभावक निर्धारित दुकानों से पुस्तकें नहीं खरीदते तो बच्चों को अप्रत्यक्ष रूप से परेशान किया जाता है, जिससे अभिभावक मानसिक दबाव में आ जाते हैं शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पुस्तकों के चयन और खरीद के पीछे बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी का खेल चल रहा है, जिससे विद्यालय प्रबंधन आर्थिक लाभ कमा रहा है। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधक डॉ. आदित्य नारायण पुरवार पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे अभिभावकों की समस्याओं के समाधान के प्रति उदासीन रहते हैं और फोन तक नहीं उठाते।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय से जुड़े एक अन्य व्यक्ति द्वारा अभिभावकों पर कोर्स खरीदने के लिए दबाव बनाया जाता है और कथित रूप से कमीशन का बड़ा हिस्सा एकत्र किया जाता है। अभिभावक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस संबंध में जब विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कथित रूप से पुस्तक विक्रेता द्वारा बिना अनुमति के पुस्तकें लगा दी गई हैं। इससे मामले में नई परत जुड़ गई है। संवाददाता द्वारा विद्यालय प्रबंधन से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। फिलहाल, जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज इस शिकायत के बाद शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर सकता है।

#rashtriyaprastavana #लखीमपुरखीरी #UPNews #media #india

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.