****पुवायां में बिजली विभाग पर प्रशासन का शिकंजा कसने की तैयारी****
शाहजहांपुर/पुवायां।
विद्युत निगम पुवायां में लंबे समय से चली आ रही अनियमितताओं और शिकायतों पर अब जिला प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। लगातार कई महीनों से उपभोक्ताओं द्वारा फर्जी बिलिंग, जबरन वसूली और कनेक्शन के नाम पर अवैध धन उगाही की शिकायतें की जा रही थीं, जिस पर अब प्रशासन ने संज्ञान ले लिया है।
सूत्रों के अनुसार, पुवायां क्षेत्र में बड़े पैमाने पर फर्जी बिजली बिल बनाए जाने, उपभोक्ताओं पर फोर्स चार्ज थोपने और नए कनेक्शन दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलने के आरोप सामने आए हैं। इसके साथ ही यह भी आरोप है कि बड़े बकायेदारों के कनेक्शन को जानबूझकर “फोर्स पीडी” (Force PD) किया जा रहा था, ताकि व्यक्तिगत लाभ हासिल किया जा सके। एक्सियन पुनीत निगम के पुवायां आने के बाद लगातार इस तरह की गतिविधियां हो रही है। इस तरह की कार्रवाई से विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इन शिकायतों के आधार पर जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और विभागीय गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जांच में कई अहम खुलासे हो सकते हैं, जिसके बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
प्रशासन की सख्ती के संकेत मिलते ही विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और कई कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस मामले में कितनी सख्त कार्रवाई करता है और क्या जिम्मेदार अधिकारियों पर गाज गिरती है या नहीं।

