उत्तर प्रदेश के अमरोहा में शादी वाला घर मेहमानों से भरा था। दुल्हन के जोड़े में सजकर बारात का इंतजार कर रही थी।
परिवार को उम्मीद थी कि कुछ ही घंटों में बेटी की विदाई होगी और नए जीवन की शुरुआत होगी, लेकिन शाम करीब पांच बजे आए एक फोन कॉल ने खुशियों से भरे माहौल को अचानक तनाव और हंगामे में बदल दिया। दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचने के बजाय सीधे थाने पहुंच गया। थाने में करीब चार घंटे तक चली पंचायत और समझाइश के बावजूद शादी नहीं हो सकी।
मामला अमरोहा के मंडी धनौरा क्षेत्र का है। यहां की रहने वाली एक युवती की शादी बिजनौर जिले के चांदपुर निवासी युवक से तय हुई थी। युवक दिल्ली में एचडीएफसी बैंक में नौकरी करता है, जबकि युवती एक निजी स्कूल में शिक्षिका है। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी तय की थी और विवाह की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं। शादी वाले दिन शनिवार शाम करीब पांच बजे दूल्हे के मोबाइल पर गांव के ही अरशद नाम के युवक का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को दुल्हन का प्रेमी बताया और धमकी देते हुए कहा कि अगर वह बारात लेकर आया, तो उसे गोली मार दी जाएगी। धमकी के बाद दूल्हा घबरा गया। दूल्हा मंडी धनौरा थाने पहुंचकर शादी करने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते शादी का मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया।
दुल्हन बोली- युवक को जानती तक नहीं
दूल्हे के शादी से इनकार करने के बाद दोनों परिवार थाने में आमने-सामने आ गए। थाने में काफी देर तक हंगामा होता रहा। पुलिस के सामने दुल्हन ने साफ कहा कि वह अरशद नाम के युवक को नहीं जानती और न ही उसका उससे कोई प्रेम संबंध है। युवती ने बताया कि वह अपने माता-पिता की मर्जी से शादी कर रही थी और इस रिश्ते से पूरी तरह खुश थी। इसके बावजूद दूल्हा पक्ष अपने फैसले पर अड़ा रहा।
#amroha #amrohanews #BreakingNews
