त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एएसपी सिटी ने सदर बाजार क्षेत्र में की पैदल गश्त
--प्रमुख बाजारों और मार्गों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा --पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और आमजन से शालीन व्यवहार करने के दिए निर्देश
शाहजहांपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बाजार क्षेत्र के प्रमुख स्थानों और मार्गों का भ्रमण किया तथा स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने तथा आमजन के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी एवं गश्त जारी रहेगी।
