बहराइच मेले में जलपरी शो का टैंक फटा, 4 बच्चों समेत 15 घायल
20 हजार लीटर पानी का तेज दबाव बना हादसे की वजह; कांच टूटकर बच्चों के सिर और चेहरे में धंसा, दो की हालत गंभीर
बहराइच के फखरपुर क्षेत्र के खालिदपुर गांव में सोमवार रात उर्स मेले के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मेले में चल रहे जलपरी शो का पानी से भरा टैंक अचानक तेज आवाज के साथ फट गया। टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा था। पानी के तेज दबाव से कांच की दीवार टूट गई और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में चार बच्चों समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। कांच के टुकड़े कई लोगों के सिर और चेहरे में जा घुसे। पानी के तेज बहाव में कुछ बच्चे कई मीटर तक बह गए। घायलों में शो में करतब दिखा रही एक जलपरी भी शामिल है।
कांच के टुकड़े सिर और चेहरे में धंसे
हादसे के समय करीब 40 लोग जलपरी शो देख रहे थे। टैंक फटते ही पानी तेजी से बाहर निकला और कांच की दीवार टूट गई। अचानक हुए हादसे से शो स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से दो बच्चों को गंभीर हालत में रेफर किया गया। उनके सिर और चेहरे में कांच के कई टुकड़े धंसे होने की जानकारी सामने आई है।
घायल बच्चों में अर्श (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। सभी खालिदपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
50 रुपये का टिकट लेकर परिवार के साथ शो देखने गया था प्रत्यक्षदर्शी
खालिदपुर निवासी सलीम खान ने बताया कि सोमवार से दादा मियां के उर्स का मेला शुरू हुआ था। वह अपने परिवार के साथ मेला देखने पहुंचे थे। उन्होंने 50 रुपये का टिकट लेकर जलपरी शो देखा।
सलीम के मुताबिक, शो के दौरान जलपरी पानी के टैंक में करतब दिखा रही थी। तभी अचानक तेज आवाज के साथ टैंक फट गया। इसके बाद पानी और कांच के टुकड़े चारों तरफ फैल गए।
घायल सादिक ने बताया कि शो के कांच टूटने से उसके सिर में चोट लगी और उसे टांके लगाए गए हैं।
पहली बार मेले में लगाया गया था जलपरी शो
खालिदपुर गांव में हर साल नवंबर में दादा मियां के उर्स के अवसर पर तीन दिवसीय मेला लगता है। इस बार पहली बार मेले में जलपरी शो लगाया गया था।
इस शो में एक लड़की मछली जैसी पोशाक पहनकर पानी से भरे कांच के टैंक में करतब दिखाती है। टैंक करीब 20 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा था। इसमें लगभग 20 हजार लीटर पानी भरा हुआ था और बाहर की तरफ कांच की दीवार लगी थी।
बिना अनुमति चल रहा था शो, आयोजकों पर मुकदमा
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पानी का दबाव अधिक होने के कारण टैंक फटने की बात सामने आई है। पुलिस ने मेला कमेटी अध्यक्ष और शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है।
फखरपुर थाना प्रभारी राजकुमार राजभर के मुताबिक, जलपरी शो के लिए अनुमति नहीं ली गई थी। उर्स कमेटी के अध्यक्ष वाजिद खान और शो संचालक शादाब समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे में घायल लोगों का उपचार कराया जा रहा है।