बुजुर्ग दंपती छप्पर के नीचे रहने को मजबूरः कुमारगंज के बंवा वार्ड में बारिश से बचने के लिए छप्पर पर डाली पन्नी; अध्यक्ष ने जल्द आवास दिलाने का आश्वासन दिया।
मिल्कीपुर अयोध्या
मिल्कीपुर क्षेत्र के नगर पंचायत कुमारगंज के बंवा वार्ड नंबर 9 में 60 वर्षीय नंद कुमार अपनी पत्नी के साथ छप्पर के नीचे रह रहे हैं। उनके पास पक्का मकान और अपनी जमीन नहीं है। नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह छोटू ने जल्द आवास दिलाने का आश्वासन दिया है। छप्पर की हालत खराब है और बारिश में पानी टपकता है। इससे बचने के लिए दंपती ने छप्पर पर कई जगह प्लास्टिक की पन्नियां डाल रखी हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, नंद कुमार पहले मेहनत-मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उम्र बढ़ने के साथ उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता और अब वे काम करने में असमर्थ हैं। उनका एक बेटा है, जो अलग रहता है। उसकी आर्थिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान देने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना समेत कई योजनाएं चला रही है। स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया कि पात्र होने के बावजूद बुजुर्ग दंपती को अब तक आवास क्यों नहीं मिला नगर पंचायत अध्यक्ष विकास सिंह छोटू ने बताया कि नंद कुमार के आवास से जुड़े सभी दस्तावेज जमा हो चुके हैं। सत्यापन के बाद उन्हें आगे भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दंपती को आवास दिया जाएगा।
