Type Here to Get Search Results !

UP MLC Result: भाजपा ने छह सीटों पर लहराया परचम, फाइनल विनर लिस्ट में ये चेहरे, जानिए सबकी प्रोफाइल

admin 0

 


UP MLC Result: भाजपा ने छह सीटों पर लहराया परचम, फाइनल विनर लिस्ट में ये चेहरे, जानिए सबकी प्रोफाइल


उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक निर्वाचन की कुल 11 सीटों पर चुनाव संपन्न हुए, जिसमें भारतीय जनता पार्टी ने छह सीटों पर जीत का परचम लहराया। इनमें स्नातक की दो और तीन शिक्षक सीटें शामिल हैं।


सबसे खास बात यह रही कि मेरठ में भाजपा ने दोनों सीटों पर विजय हासिल की है। इसके अलावा, आगरा स्नातक, लखनऊ शिक्षक और बरेली-मुरादाबाद, गोरखपुर-फैजाबाद खंड की शिक्षक सीट पर भी भाजपा ने अपना भगवा लहरा दिया है।


पहले तो ये जान लीजिए कि भाजपा का कौन सा प्रत्याशी किस सीट (निर्वाचन क्षेत्र) से जीता है-


स्नातक निर्वाचन क्षेत्र


मेरठ से दिनेश कुमार गाेयल


आगरा से डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह


शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र


मेरठ से श्रीचंद शर्मा


लखनऊ से उमेश द्विवेदी


बरेली-मुरादाबाद से डॉ. हरि सिंह ढिल्लों


गोरखपुर-फैजाबाद खंड से ध्रुव कुमार त्रिपाठी


उत्तर प्रदेश-2027 का सेमीफाइनल के तौर हुए इस विधान परिषद चुनाव में भाजपा के इन छह नए चेहरों की अग्निपरीक्षा आगामी विधानसभा चुनाव होगी। आइए अब जान लीजिए यूपी एमएलसी चुनाव में भाजपा को जीत का खिताब दिलाने वाले इन नए दिग्गजों का परिचय-


दिनेश कुमार गोयल (मेरठ स्नातक क्षेत्र के विजेता)


विधान परिषद स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले भाजपा के प्रत्याशी दिनेश गोयल गाजियाबाद के कविनगर में रहते हैं। उनका मूल निवास मेरठ के कुराली में है। विज्ञान वर्ग से स्नातक दिनेश कुमार व्यवसाय में सक्रिय हैं। कई तकनीकी व प्रबंधन शिक्षण संस्थानों के चेयरमैन हैं। पिछली बार स्नातक सीट से एमएलसी बनने पर उन्हें विधान परिषद की दो समितियों के सदस्य बनाया गया। वह पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे।


विधान परिषद स्नातक निर्वाचन खंड मेरठ से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज करने वाले भाजपा के प्रत्याशी दिनेश गोयल ने जीत की घोषणा के बाद कहा कि बेरोजगार स्नातकों को रोजगार दिलाना तथा सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाकर उन्हें स्वरोजगार कराना प्राथमिकता होगी।


श्रीचंद शर्मा (मेरठ शिक्षक क्षेत्र के विजेता)


गौतमबुद्धनगर के दादरी के पास धूम मानिकपुर गांव में 1966 में जन्मे श्रीचंद शर्मा ने ज्योतिष शास्त्र से स्नातक हैं। उन्होंने केशव माधव शिक्षण संस्थान की स्थापना की, जिसमें आईटीआई, कानून व फार्मा की शिक्षा दी जाती है। 1988 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने। विश्व हिंदू परिषद के जिला प्रमुख,सहकारिता प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख रहे।


2004 से 2007 तक भाजपा के जिलाध्यक्ष बने। उसके बाद पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए। कई जिलों में जिला प्रभारी व चुनाव प्रभारी रहे। 2019 में भाजपा ने विधान परिषद शिक्षक क्षेत्र मेरठ - सहारनपुर खंड से प्रत्याशी घोषित किया, जिसमें उन्होंने लगातार 50 वर्षों से जीतते आ रहे ओमप्रकाश शर्मा को हराकर इतिहास रचा। वर्तमान में वह पार्टी की तरफ से अलीगढ़ जनपद के प्रभारी हैं। शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक भी हैं।


डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह


उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डाॅ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने दूसरी बार जीत दर्ज की है। पेशे से शिक्षक रहे और अलीगढ़ के मूल निवासी डॉ. मानवेंद्र संगठन के प्रति निष्ठा और जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच गहरी पैठ रखते हैं। स्नातक वर्ग और युवाओं के रोजगार, सम्मान व उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाते रहे हैं।


उमेश द्विवेदी


विधान परिषद के लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लगातार तीसरी जीत हासिल करने वाले उमेश द्विवेदी ने वर्ष 2014 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहली जीत हासिल की। यह उनकी राजनीतिक यात्रा का निर्णायक पड़ाव रहा। नवंबर 2019 में भाजपा में शामिल होने के बाद वर्ष 2020 के चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की। इस बार लगातार तीसरी जीत के साथ उन्होंने हैट्रिक पूरी कर ली है।


लगातार तीसरी जीत ने उमेश द्विवेदी को शिक्षकों के बीच अपनी भूमिका और मजबूत करने का अवसर दिया है। वित्तविहीन शिक्षकों के साथ सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों की समस्याओं को विधान परिषद में मजबूती से उठाना, सेवा संबंधी मांगों को आगे बढ़ाना और उनके हितों के लिए सार्थक पहल करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहने की अपेक्षा शिक्षकों में है।


डॉ. हरि सिंह ढिल्लों


उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के मूल निवासी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने बरेली-मुरादाबाद खंड के शिक्षक एमएलसी चुनाव में दोबारा ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इससे पहले वे दिसंबर 2020 में भी इसी सीट से निर्वाचित हुए थे।


हरि सिंह लोक लेखा समिति (PAC) सहित कई महत्वपूर्ण राज्य समितियों के सक्रिय सदस्य हैं। एक शिक्षक प्रतिनिधि के रूप में वे शिक्षकों के हितों के लिए लगातार मुखर रहते हैं।


ध्रुव कुमार त्रिपाठी


सिद्धार्थनगर जिले के बेलहरा गांव के ध्रुव कुमार त्रिपाठी का राजनीतिक सफर शिक्षक राजनीति से ही शुरू हुआ। शिक्षकों के बीच संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी अनुभव के आधार पर उन्होंने विधान परिषद में अपनी पहचान बनाई। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से वह 2008, 2014 और 2020 में लगातार तीन बार विधान परिषद सदस्य निर्वाचित हुए। वर्ष 2026 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज कर उन्होंने लगातार चौथी बार विधान परिषद पहुंचने का रिकॉर्ड बनाया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us

News Blogger Template is Designed Theme for Giving Enhanced look Various Features are available Which is designed in User friendly to handle by Piki Developers. Simple and elegant themes for making it more comfortable