भिंड। करवाचौथ के दिन पति की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रख रही एक महिला के साथ दर्दनाक घटना सामने आई है। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मेहगांव में 29 वर्षीय पूनम को घर के बाहर मिट्टी खोदते समय सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।
मिट्टी खोदते समय सांप ने मारा डंक
जानकारी के अनुसार, मेहगांव के वार्ड नंबर-4 स्थित इंदिरा नगर निवासी पूनम पत्नी दीपक ने करवाचौथ का व्रत रखा था। दोपहर करीब एक बजे वह घर के बाहर मिट्टी खोद रही थी, तभी सांप ने उसे डस लिया। बताया गया है कि सांप के काटने के बाद पूनम ने डंडे से सांप को मार दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में पति के हाथों पानी पीकर तोड़ा व्रत
करवाचौथ का निर्जला व्रत रख रहीं पूनम ने अस्पताल में इलाज के दौरान अपने पति दीपक के हाथों पानी पीकर व्रत तोड़ा। जिस सांप ने पूनम को डसा था, परिजन उस मृत सांप को भी अपने साथ अस्पताल लेकर पहुंचे थे। फिलहाल महिला का उपचार जारी है।
ऊमरी में भी महिला को सांप ने डसा
भिंड जिले के ऊमरी क्षेत्र में भी सर्पदंश की एक अन्य घटना सामने आई है। यहां रात करीब 11 बजे घर में सो रही 32 वर्षीय रुक्मणी पत्नी रणवीर को सांप ने डस लिया।
महिला की चीख सुनकर पति ने कमरे की लाइट जलाई तो उसके पास सांप दिखाई दिया। इसके बाद पति तत्काल रुक्मणी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया।
फिलहाल दोनों महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल में उपचार जारी है।
.jpg)
