**शिक्षक बना हैवान गड़ासे से पत्नी की हत्या, टब में गिरने की सुनाई कहानी**
--शिक्षक पति को पुलिस ने हिरासत में लिया
--सिर और दोनों पैरों पर किए वार, खून से लथपथ मिला शव
--अफेयर को लेकर दंपती में होता था विवाद, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले में शनिवार सुबह एक सरकारी शिक्षक ने पत्नी की गड़ासे से वार कर हत्या कर दी। आरोप है कि विवाद के बाद शिक्षक ने पत्नी के सिर और दोनों पैरों पर कई वार किए। अत्यधिक रक्तस्राव होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने ससुराल वालों को फोन कर पत्नी के टब में गिरकर घायल होने की बात बताई और फरार हो गया। पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। गांव जखनी निवासी पूर्व प्रधान धर्म सिंह यादव ने अपनी बेटी शालिनी यादव (29) की शादी तीन दिसंबर 2017 को असोथर क्षेत्र के दिलीप कुमार यादव (31) से की थी। दंपती का सात वर्षीय बेटा है। दिलीप चक अलीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है, जबकि शालिनी शहर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी। दोनों करीब नौ महीने से नासिरपीर मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहे थे। शालिनी की मां फूलमती के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब आठ बजे दिलीप ने फोन कर बताया कि शालिनी टब में गिरकर घायल हो गई है। उसने परिवार के लोगों के आने और शालिनी को अस्पताल ले जाने की बात कही। इसके बाद फोन काट दिया। जब शालिनी के मोबाइल पर फोन किया गया तो उसने फोन नहीं उठाया। इस पर स्वजन तत्काल नासिरपीर स्थित किराये के मकान पर पहुंचे। दरवाजा खुला था और शालिनी का शव फर्श पर पड़ा था। पास में गड़ासा पड़ा था। उसके सिर और पैरों से खून निकल रहा था। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के करीब 15 मिनट बाद सदर कोतवाली पुलिस डीएसपी प्रमोद कुमार शुक्ल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने स्वजन और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। दोपहर करीब 12 बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश में छापेमारी की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने पहले शालिनी के सीढ़ियों से फिसलकर गिरने की बात बताई। उसके अनुसार गिरने से उसके सिर और पैरों में चोट लगी थी। हालांकि कमरे में गड़ासा मिलने और चोटों की प्रकृति को लेकर वह पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
शिक्षिका से संबंध का पिता ने लगाया आरोप
शालिनी के पिता धर्म सिंह यादव ने आरोप लगाया कि दिलीप के स्कूल में पढ़ाने वाली एक शिक्षिका से संबंध थे। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। बेटी ने कई बार इसकी जानकारी परिवार को दी थी। परिजनों ने दामाद को समझाने का भी प्रयास किया था। पिता का आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि दिलीप ने उनकी बेटी की हत्या कर दी। डीएसपी प्रमोद कुमार शुक्ल ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

