अंश निर्धारण व लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

0

 


अंश निर्धारण व लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं


एसडीएम व तहसीलदार ने लेखपालों-कानूनगो के साथ की समीक्षा बैठक, ग्राम समाज की जमीन से कब्जे हटाने के निर्देश


बीकापुर, अयोध्या।

तहसील सभागार में मंगलवार को उपजिलाधिकारी संतोष कुमार और तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला ने लेखपालों एवं कानूनगो के साथ मंगलवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में अंश निर्धारण, आय-जाति प्रमाण पत्र, खसरा फीडिंग, ग्राम समाज की भूमि से अतिक्रमण हटाने तथा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण सहित राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।


एसडीएम ने लेखपालों से अंश निर्धारण के कार्य में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आय और जाति प्रमाण पत्रों के आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने तथा खसरा फीडिंग का कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। बैठक में ग्राम समाज की भूमि पर हुए अतिक्रमण के मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित लेखपालों को चिन्हित अतिक्रमणों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। एसडीएम संतोष कुमार ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला ने भी लेखपालों और कानूनगो को अपने-अपने क्षेत्र के राजस्व कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)