सीएचसी खुटार में लापरवाही के आरोप, 9 बजे तक नहीं पहुंचे डॉक्टर; मरीज रहे परेशान
सीएचसी प्रभारी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, दूर-दराज से आए मरीजों को करना पड़ा इंतजार
खुटार। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खुटार में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक बार फिर लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। शुक्रवार सुबह निर्धारित समय के बाद भी अस्पताल में डॉक्टर और पर्चा बनाने वाला कर्मचारी मौजूद नहीं होने से दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर सीएचसी प्रभारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
बताया गया कि सीएचसी में ओपीडी का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक निर्धारित है। इसके बावजूद सुबह करीब 9 बजे के बाद तक मरीज डॉक्टर के आने का इंतजार करते नजर आए। अस्पताल में पर्चा बनवाने के लिए भी मरीजों को परेशानी हुई।
पडसर गांव से अपने बच्चों की दवा लेने सीएचसी पहुंचे एक व्यक्ति ने बताया कि उसके बच्चों के पेट में दर्द रहता है। इसी समस्या को लेकर वह करीब पांच किलोमीटर दूर से अस्पताल आया था, लेकिन काफी देर तक न तो डॉक्टर मौजूद मिले और न ही पर्चा बनाने वाला कर्मचारी। ऐसे में उसे इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा।
मरीज की परेशानी सामने आने पर जब शाहजहांपुर के सीएमओ से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया कि डॉक्टर आ रहे हैं। इसके बाद डॉक्टर निखिल शुक्ला अस्पताल पहुंचे और मरीजों को देखना शुरू किया।
हालांकि, डॉक्टर निखिल शुक्ला के बारे में मरीजों ने बताया कि वह सामान्य तौर पर समय से अस्पताल पहुंचकर मरीजों को देखते हैं। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि क्या एक डॉक्टर के भरोसे पूरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी छोड़ी जा सकती है? यदि एक डॉक्टर समय पर मौजूद है तो बाकी व्यवस्थाओं, ओपीडी संचालन और अन्य चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है?
सीएचसी प्रभारी की जिम्मेदारी है कि अस्पताल में निर्धारित समय पर सभी जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हों और मरीजों को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े। दूर-दराज से आने वाले मरीज सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से समय पर इलाज की उम्मीद करते हैं। ऐसे में डॉक्टरों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करना जरूरी है।
मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर सीएचसी की व्यवस्थाओं में सुधार कराने और ओपीडी समय में डॉक्टरों व कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है। MYogiAdityanath Brajesh Pathak DM Shahjahanpur Suresh Kumar Khanna UP Tak #viralshorts #shahjahanpur #UttarPradesh

