निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, 20 अगस्त तक फर्स्ट फ्लोर पूरा करने की समय सीमा

0

 


निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, 20 अगस्त तक फर्स्ट फ्लोर पूरा करने की समय सीमा,,


शाहजहांपुर। प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने गुरुवार को शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने ककरा स्थित निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय, गर्रा नदी पर बने सेतु और लोहारों वाला चौराहा का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराने को कहा। निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने कार्यदायी संस्था को मजदूरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 20 अगस्त तक भवन के प्रथम तल का निर्माण हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि नगर निगम और शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण के कार्यालयों का संचालन समय पर शुरू हो सके। उन्होंने निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने पर भी जोर दिया। इसके बाद मंत्री ने अजीजगंज के निकट गर्रा नदी पर बने सेतु का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि 4.24 करोड़ रुपये की लागत से सेतु को 80 सेंटीमीटर ऊंचा उठाने का कार्य पूरा हो चुका है। दोनों ओर पहुंच मार्ग पर जीएसबी और डब्ल्यूएमएम तक का कार्य भी पूर्ण कर आवागमन शुरू करा दिया गया है। मंत्री ने निर्देश दिए कि मौसम अनुकूल होते ही बिटुमिनस कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि परियोजना का शेष कार्य भी समयबद्ध ढंग से समाप्त हो सके। लोहारों वाला चौराहा पर सड़क चौड़ीकरण और नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने चौराहे पर लगे विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर को जल्द शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष निर्माण कार्य में भी तेजी लाई जाए, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लोहारों वाला चौराहा के पास पुरानी रेलवे लाइन वाले मार्ग को रोलर चलाकर समतल कराने के निर्देश नगर आयुक्त को दिए। उनका कहना था कि इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण के ओएसडी एस.के. सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के अभियंता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)