समय-सीमा बैठक में कलेक्टर अंकित अस्थाना के सख्त निर्देश, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर

India100news
0

 समय-सीमा बैठक में कलेक्टर अंकित अस्थाना के सख्त निर्देश, योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर जोर



लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश


सिंगरौली, 16 नवंबर 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचना सुनिश्चित करें तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करें।


राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निराकृत करने तथा स्वामित्व योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। कोटवारों के रिक्त पदों की पूर्ति और उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर राजस्व कार्यों को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया। न्यायालयीन प्रकरणों में एक सप्ताह के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने को कहा।


स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों के सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पशु एम्बुलेंस के सुचारु संचालन के लिए रूट चार्ट तैयार करने और पशुपालकों को गोपाल कृष्ण सम्मान योजना की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा।


किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी शत-प्रतिशत तैयार कराने तथा नवीन विद्यालय भवनों के निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन प्रस्तुत करने को कहा गया।


स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा में कलेक्टर ने पशुपालक किसानों को पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना से जोड़ने तथा विभिन्न विभागों को बैंकों में अधिक से अधिक प्रकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।


सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर सख्ती


सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी शिकायत अनअटेंडेड नहीं रहनी चाहिए। शिकायतों का समय पर निराकरण कर जिले की रैंकिंग में सुधार लाएं। 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के मामलों में शिकायतकर्ताओं को कार्यालय बुलाकर उनकी समस्याएं सुनें और संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में बार-बार आवेदन देने वाले आवेदकों के प्रकरणों की विशेष निगरानी करने के निर्देश भी दिए।


कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा के प्रकरणों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी अपने विभागीय दायित्वों का गंभीरता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करें तथा शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।


बैठक में जिला पंचायत सीईओ संघप्रिय, अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, एसडीएम देवसर सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया एवं प्रशांत मिश्रा, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम माड़ा नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)