मेरठ कैंट विधानसभा की वोटर लिस्ट में डुप्लीकेट वोटरों की भरमार! एक ही वोटर के 5-5 नाम दर्ज, BLO बोला- ‘भाजपा नेता ने सिस्टम हैंग कर रखा, खाना खिलाकर फर्जी वोट बनवा रहे’; चुनाव से पहले बड़ी गड़बड़ी उजागर!
मेरठ कैंट विधानसभा की मतदाता सूची में कथित डुप्लीकेट वोटर्स का मामला सामने आया है। यहां एक ही वोटर के नाम पर 5-5 वोट दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम की दो और तीन बार एंट्री होने के मामले भी सैकड़ों में बताए जा रहे हैं।
मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि अलग-अलग बूथों पर दर्ज वोटर्स के नाम, वल्दियत और उम्र तक एक समान हैं। सामान्य प्रचलन वाले नामों के वोटर्स की भी तीन-तीन एंट्री दर्ज होने की बात सामने आई है। वहीं, कुछ यूनिक नाम वाले वोटर्स के नाम एक ही बूथ पर पांच-पांच बार दर्ज होने का दावा किया गया है।
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग का रुख किया है। सपा हाईकमान की ओर से राज्य निर्वाचन आयोग से शिकायत की गई है। वहीं, सपा नेता रविन्द्र प्रेमी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से भी मामले की शिकायत की है।
अब इस मामले ने मतदाता सूची की शुद्धता और डुप्लीकेट एंट्री की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बाद निगाहें निर्वाचन विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
इससे पहले मेरठ की शहर विधानसभा सीट पर फर्जी वोट बनवाने के आरोपों से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें कथित तौर पर एक BLO किसी व्यक्ति से बातचीत के दौरान भाजपा नेता पर दबाव डालकर वोट बनवाने का आरोप लगा रहा है।
ऑडियो में BLO कह रहा है कि भाजपा नेता ने पूरा सिस्टम हैंग कर रखा है और BLO को खाना खिलाकर दबाव में वोट बनवाए जा रहे हैं। हालांकि, ऑडियो किस बूथ का है और इसमें सुनाई दे रही बातचीत सही है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
सपा विधायक रफीक अंसारी ने करीब एक महीने पहले प्रेसवार्ता में इस ऑडियो को सार्वजनिक किया था। वहीं, प्रशासन का कहना है कि जांच में किसी BLO की लॉगिन ID या BLO ऐप से मिले OTP को किसी व्यक्ति द्वारा मांगने की पुष्टि नहीं हुई है।