राठ पुलिस पर लापरवाही व 'फर्जी चोरी दिखाने' का आरोप, कमरों की कुंडी बंद कर 7 लाख नकदी व जेवरात उड़ाने का मामला

India100news
0

 राठ पुलिस पर लापरवाही व 'फर्जी चोरी दिखाने' का आरोप, कमरों की कुंडी बंद कर 7 लाख नकदी व जेवरात उड़ाने का मामला


​राठ। कोतवाली राठ क्षेत्र के छोटी जुल्हेटी मोहल्ला स्थित शिवम् पैलेस के पास हुई बड़ी चोरी के मामले में पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस मामले की सही से जांच नहीं कर रही है, अभी तक कोई सामान बरामद नहीं हुआ है और महज औपचारिकता निभाते हुए 'फर्जी चोरी खोली गई है'। निष्पक्ष जांच व माल बरामदगी की मांग को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक हमीरपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा है।  

​एसपी हमीरपुर को दिए प्रार्थना पत्र में छोटी जुल्हेटी मोहल्ला निवासी अनिल कुमार पुत्र बाबूलाल ने बताया कि 5 नवंबर 2026 की रात करीब 2 बजे वह और उनके परिजन अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान तीन अज्ञात चोर पीछे की दीवार से घर में दाखिल हुए और बाहर से कमरों की कुंडी व चेन लगा दी।  

​आरोप है कि बदमाशों ने घर में रखी गोदरेज का लॉकर तोड़कर करीब 7 लाख रुपये नकद, लगभग 100 से 150 ग्राम सोने के जेवरात (मंगलसूत्र, हार, सात अंगूठी, कान के बाला, जंजीर व नाक की कील) तथा करीब 750 ग्राम चांदी के आभूषण (पायल, चूड़ी, बिछिया आदि) चोरी कर लिए। आहट सुनकर पीड़ित ने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन बाहर से दरवाजा बंद होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सके। बाद में उन्होंने आसपास के लोगों को आवाज दी और फोन से सूचना दी, पर मोहल्ले वालों के पहुंचने से पहले ही चोर माल समेटकर फरार हो गए।  

​पीड़ित के अनुसार, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में नकाबपोश व्यक्ति हाथ में तमंचा (कट्टा) लिए नजर आ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि चोरों के सामने परिवार का कोई सदस्य आ जाता तो कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती थी।  

​अनिल कुमार ने 18 नवंबर 2026 को एसपी हमीरपुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, चोरों का पता लगाकर चोरी गया जेवरात व नकदी बरामद करने तथा परिवार की जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। #हमीरपुर

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)