सिख किशोर से मारपीट और पगड़ी उतारने के मामले में अल्पसंख्यक आयोग ने लिया संज्ञान
आयोग के सदस्य सरदार परविंदर सिंह ने एसपी से की वार्ता, दोषियों पर कठोर कार्रवाई का दिया आश्वासन
शाहजहांपुर। तिलहर निवासी 15 वर्षीय सिख किशोर के साथ मारपीट, पगड़ी उतारने और गला दबाकर जान से मारने के प्रयास के आरोपों का उत्तर प्रदेश राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने संज्ञान लिया है।
मामले में आयोग के सदस्य एवं उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन सरदार परविंदर सिंह ने पीड़ित परिवार से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब 15 युवकों ने किशोर के साथ मारपीट की और जूतों से पीटा। परिवार ने पुलिस पर एफआईआर में घटना के सभी तथ्यों को शामिल नहीं करने और कम गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आरोप भी लगाया है।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सरदार परविंदर सिंह ने पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर से फोन पर वार्ता की और मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। एसपी ने प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरदार परविंदर सिंह ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि आयोग की ओर से न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि नाबालिग किशोर के साथ हुई यह घटना गंभीर है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना प्राथमिकता है।
