लखनऊ में प्यार, शादी और 6 लाख की सुपारी! पुलिस कांस्टेबल ने प्रेमिका के पति की हत्या कराने की रची साजिश, पत्नी समेत 5 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल पर अपनी शादीशुदा प्रेमिका के पति की हत्या कराने के लिए छह लाख रुपये की सुपारी देने का आरोप लगा है। इस मामले में पुलिस ने कांस्टेबल, उसकी प्रेमिका और तीन अन्य आरोपियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
2022 में लाइब्रेरी में हुई थी मुलाकात
पुलिस जांच के मुताबिक, कांस्टेबल नितिन राणा और आशी मिश्रा की मुलाकात वर्ष 2022 में लखनऊ की एक पब्लिक लाइब्रेरी में हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और धीरे-धीरे प्रेम संबंध स्थापित हो गए। वर्ष 2025 में आशी मिश्रा की शादी अनुराग शुक्ला से हो गई, लेकिन पुलिस का दावा है कि शादी के बाद भी नितिन और आशी का संपर्क बना रहा।
पति को रास्ते से हटाने की बनाई योजना
पुलिस के मुताबिक, नितिन और आशी ने कथित तौर पर अनुराग शुक्ला को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए नितिन ने अपने गृह जनपद बागपत के परिचितों से संपर्क किया और छह लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की।
शूटरों ने अनुराग पर की फायरिंग
जांच के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को आरोपी लखनऊ पहुंचे और अनुराग की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद 28 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया चौराहे के पास केंद्रीय भवन गेट के नजदीक अनुराग शुक्ला पर गोली चला दी गई।
हमले में अनुराग के दाहिने हाथ में गोली लगी। गनीमत रही कि उनकी जान बच गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
CCTV और सर्विलांस से खुला मामला
घटना के बाद अलीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस ने कांस्टेबल नितिन राणा, अनुराग की पत्नी आशी मिश्रा, मयंक वशिष्ठ उर्फ लाला, शुभम शर्मा और शिवम राजपूत को गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल बताए जा रहे मनोज राजपूत की तलाश जारी है।
पुलिस ने बरामद किए मोबाइल और नकदी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,360 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल तमंचे की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
मामले में थाना अलीगंज में मुकदमा अपराध संख्या 210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 और 61(2) में कार्रवाई की गई है।
एक लाइब्रेरी से शुरू हुई दोस्ती, प्रेम संबंध में बदली और फिर शादी के बाद पति पर जानलेवा हमले की कथित साजिश तक पहुंच गई। फिलहाल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।
#LucknowCrime #UPPolice #LucknowNews #UPCrimeNews #BaghpatNews #CrimeNews #PCTNewsDigital
