#बेटे की मौत से #टूट गई मां, #न्याय की गुहार #लेकर थानाध्यक्ष #की गाड़ी #के आगे लेटी
#जन्मेजय हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महादेवा मार्ग पर प्रदर्शन, सड़क जाम से मचा हड़कंप
बस्ती। बेटे की मौत का गम और न्याय की आस में एक मां का दर्द सड़क पर छलक पड़ा। लालगंज थाना क्षेत्र के थाल्हापार गांव में 36 वर्षीय जन्मेजय की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने महादेवा मार्ग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मृतक की मां लालगंज थानाध्यक्ष की सरकारी गाड़ी के सामने सड़क पर लेट गईं। वह मामले में आरोपित लोगों की गिरफ्तारी की मांग कर रही थीं। प्रदर्शन के चलते सड़क पर जाम लग गया और आवागमन प्रभावित हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति संभाली।
बाइक और ठेले की टक्कर के बाद हुआ था विवाद
मिली जानकारी के अनुसार, बाइक और ठेले की टक्कर के बाद दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान जन्मेजय के सिर पर कुदाल से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घायल को अस्पताल ले जाने से करीब आधे घंटे तक रोका गया।
बाद में ग्रामीणों की मदद से घायल जन्मेजय को बनकटी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज कैली और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, दो दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद जन्मेजय ने लखनऊ में दम तोड़ दिया।
मौत की खबर पहुंचते ही गांव में आक्रोश
जन्मेजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना से नाराज ग्रामीण न्याय की मांग को लेकर सड़क पर उतर आए। मृतक की मां ने थानाध्यक्ष की गाड़ी के सामने लेटकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के कारण महादेवा मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
तीन नामजद आरोपी गिरफ्तार: पुलिस
मामले में लालगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 179/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर जाम खुलवाया।
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, मृतक का परिवार मामले में न्याय की मांग कर रहा है। अब आगे की पुलिस कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
.jpg)
