खुशनुमा माहौल में संपन्न हुआ संपूर्ण समाधान दिवस, विधायक ने सुनाई शायरी तो डीएम ने बजाई ताली

 ### खुशनुमा माहौल में संपन्न हुआ संपूर्ण समाधान दिवस, विधायक ने सुनाई शायरी तो डीएम ने बजाई ताली


### मोहम्मदी तहसील में 60 शिकायतें प्राप्त, 7 का मौके पर निस्तारण; जिला बनाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन



मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी। तहसील सभागार मोहम्मदी में शनिवार को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग और विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 60 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 33, विकास विभाग की 10, पुलिस विभाग की 5 और विद्युत विभाग की 6 शिकायतें शामिल रहीं। अन्य विभागों से भी एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।


### किसान को एक घंटे में मिली संशोधित खतौनी


समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक किसान की खतौनी में नाम संशोधन की प्रक्रिया एक घंटे के भीतर पूरी कराकर उसे संशोधित खतौनी सौंप दी। इस त्वरित कार्रवाई से फरियादी को राहत मिली।


### जिला बनाने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन


इस दौरान बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश चंद्र त्रिवेदी सहित अधिवक्ताओं ने मोहम्मदी को जिला घोषित किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक ख्याति गर्ग को ज्ञापन सौंपा।


### शायरी से खुशनुमा हुआ माहौल, डीएम ने बजाई ताली


समाधान दिवस के दौरान विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह और वरिष्ठ पत्रकार अब्बास नकवी ने शायरी सुनाकर कार्यक्रम के माहौल को खुशनुमा बना दिया। विधायक की शायरी पर जिलाधिकारी द्वारा ताली बजाने का दृश्य भी चर्चा का विषय रहा। आमतौर पर जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए आयोजित होने वाला समाधान दिवस इस बार सौहार्दपूर्ण और हल्के-फुल्के माहौल में संपन्न हुआ।


कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


#मोहम्मदी #संपूर्ण_समाधान_दिवस #लोकेंद्र_प्रताप_सिंह #ख्याति_गर्ग #लखीमपुर_खीरी #मोहम्मदी_को_जिला_बनाओ #जनसुनवाई #जनसमस्याओं_का_निस्तारण

Post a Comment

और नया पुराने