शाहजहांपुर पुलिस का विशेष अभियान, मौके पर पहुंचकर 36 जनशिकायतों का निस्तारण

 


शाहजहांपुर पुलिस का विशेष अभियान, मौके पर पहुंचकर 36 जनशिकायतों का निस्तारण


शाहजहांपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत रविवार, 9 अगस्त 2026 को पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर कुल 36 शिकायतों का निस्तारण किया।


अभियान का उद्देश्य आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर पहुंच रहे हैं।


पुलिस के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का स्थलीय निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।


इसी क्रम में 9 अगस्त को जनपद के विभिन्न थानों पर प्राप्त शिकायतों में से 36 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया। पुलिस टीमों द्वारा शिकायतकर्ता के घर या घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया गया और दोनों पक्षों से बातचीत कर समस्या के समाधान का प्रयास किया गया।


पुलिस का कहना है कि इस अभियान से शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस मौके पर पहुंचकर शिकायत की वास्तविक स्थिति का जायजा लेगी और दोनों पक्षों का फीडबैक लेकर समाधान के संबंध में उनकी संतुष्टि भी सुनिश्चित करेगी।


शाहजहांपुर पुलिस का उद्देश्य है कि आमजन की शिकायतों का समाधान अधिक प्रभावी, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से उनके घर-द्वार पर ही सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

और नया पुराने