विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर वित्त मंत्री का जोर

0

 विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समयसीमा पर वित्त मंत्री का जोर



शाहजहांपुर - प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जनपद की सड़क निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी कराई जाएं।समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी सहित लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में 18 सड़कों पर हॉट मिक्स का कार्य अभी शुरू नहीं हुआ है, जबकि चार सड़कों पर सीसी निर्माण भी लंबित है। इस पर वित्त मंत्री ने सभी लंबित कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए।बैठक में आर्थिक स्वीकृति प्राप्त सड़क परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और निर्माण गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि वाजिद अली तिराहे से जामा मस्जिद तक सड़क निर्माण कार्य अगले सप्ताह से शुरू किया जाएगा।जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने जलकल विभाग को पाइपलाइन लीकेज पर सतत निगरानी रखने तथा विभिन्न विभागों के बीच त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर सूचनाएं साझा करने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने नगर क्षेत्र में संचालित सड़क एवं अन्य विकास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया। बैठक के अंत में वित्त मंत्री ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि जनता को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


Suresh Kumar Khanna

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)