#शाहजहांपुर में बिछी शतरंज की बिसात, 79 खिलाड़ियों में जीत की जंग; 3 राउंड बाद 8 खिलाड़ी संयुक्त बढ़त पर
शाहजहांपुर। स्व. प्रमोद कुमार शुक्ला की स्मृति में जिला शतरंज खेल संघ द्वारा आयोजित ओपन शतरंज प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। लोधीपुर स्थित शहनाई मैरिज लॉन में चल रही प्रतियोगिता में कुल 79 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विनय गुप्ता और जिला रोलर बाल स्केटिंग संघ के सचिव प्रमोद पाण्डेय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने शतरंज की चाल चलकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया।
डॉ. विनय गुप्ता ने कहा कि शतरंज भारत की प्राचीन खेल परंपरा से जुड़ा हुआ है। प्राचीन समय में इसे चतुरंग के नाम से जाना जाता था। उन्होंने खिलाड़ियों को भारतीय खेलों को बढ़ावा देने और उनमें सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।
जिला शतरंज खेल संघ के सचिव विपिन अग्निहोत्री ने बताया कि प्रतियोगिता ओपन आयु वर्ग में हो रही है और इसमें विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्व. प्रमोद कुमार शुक्ला के सिद्धांतों एवं आदर्शों को याद रखना भी है।
आर्बीटर विश्वजीत विक्रम ने बताया कि प्रतियोगिता में छह राउंड खेले जाने हैं, जिनमें तीन राउंड पूरे हो चुके हैं। तीन अंकों के साथ ओजस चौधरी, अंकित सेन, हार्दिक सक्सेना, अविनाश शर्मा, सईद बेग, पुष्कर सक्सेना, जैद मोहम्मद और तारुष यादव संयुक्त रूप से बढ़त बनाए हुए हैं।
आयोजन सचिव अखिलेश शुक्ला ने बताया कि शतरंज खिलाड़ियों के मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और एकाग्रता व तार्किक क्षमता को मजबूत करता है। आयोजन में अनुकूल वर्मा, सारिक बेग, संजीव किशोर, विराज शुक्ला, संजीव सक्सेना, बसंत दीक्षित, सरन सक्सेना आदि का सहयोग रहा।

