हाईवे पर हैवानियत: बस लूटकर कंडक्टर को अधमरा किया, निगोही के पूर्व प्रधान पर आरोप
तमंचे के बल पर रातभर बंधक बनाकर पीटा, कंडक्टर को आईं गंभीर चोटें 25 हजार लूटकर फरार हुए दबंग, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
=====================================
शाहजहांपुर। बरेली-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात दबंगों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। नैनीताल बाइपास पुल के पास गोल्डी ट्रैवल्स की बस को ओवरटेक कर रोक लिया गया और तमंचे के बल पर ड्राइवर व कंडक्टर का अपहरण कर लिया। लुटेरों ने पैसे लूटने के बाद कंडक्टर अरमान को जमकर पीटा, जिससे उसे काफी गंभीर चोटें आई हैं। रातभर बंधक बनाकर मारपीट के बाद 25,160 रुपये लूटकर आरोपी फरार हो गए।
=====================================
पीड़ित बस मालिक ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर निगोही क्षेत्र के निवासी पूर्व प्रधान समेत 5 लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
अधमरा कर छोड़ा कंडक्टर को
रामनगर कालोनी, थाना सदर निवासी वीरेंद्र पाल सिंह उर्फ गोली ने बताया कि 2 जून की रात करीब 10 बजे उनकी बस संख्या UP 27 DT 0739 दिल्ली जा रही थी। नैनीताल बाइपास पर मानू सिंह पूर्व प्रधान निवासी रुखवा खुर, मनोज यादव, सूरज, महेश व अब्दुल्ला ने बस रुकवा ली। तमंचा लगाकर ड्राइवर सलीम व कंडक्टर अरमान को अपनी गाड़ी में डालकर ले गए।
आरोपियों ने पहले कंडक्टर की जेब से 25,160 रुपये लूटे, फिर उसे जमकर पीटा। लात-घूंसों और बेल्ट से पिटाई के कारण कंडक्टर के सिर, पीठ व हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। सुबह अधमरी हालत में दोनों को छोड़कर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। कंडक्टर का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
निगोही के निवासी हैं सभी आरोपी
प्रार्थना पत्र में नामजद सभी 5 आरोपी निगोही व आसपास के क्षेत्र के निवासी हैं। मुख्य आरोपी मानू सिंह पूर्व प्रधान है और रुखवा खुर का रहने वाला है। पीड़ित का आरोप है कि इन दबंगों ने हाईवे को जंगलराज बना दिया है।
यात्रियों की आंखों के सामने वारदात
बस में सवार 40 यात्रियों के सामने हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। हथियारबंद बदमाशों को देखकर महिला- बच्चे चीखने लगे। कई यात्री डर के मारे सीट के नीचे दुबक गए।
एसपी से सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित ने एसपी से अपहरण, लूट, हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस बोली- जांच जारी
एसपी ग्रामीण ने कहा कि प्रार्थना पत्र के आधार पर सीओ सदर को जांच दी गई है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

