मिर्जापुर में दो फॉर्च्यूनर से 4 करोड़ रुपए नकदी बरामद:नोट गिनने के लिए बैंक से मंगाई मशीन, 4 बैगों में भरे नोटों की 3 घंटे तक चली गिनती

0 India100news


 मिर्जापुर में दो फॉर्च्यूनर से 4 करोड़ रुपए नकदी बरामद:नोट गिनने के लिए बैंक से मंगाई मशीन, 4 बैगों में भरे नोटों की 3 घंटे तक चली गिनती


मिर्जापुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो फॉर्च्यूनर गाड़ियों से भारी मात्रा में नकदी बरामद की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बरामद कैश करोड़ों रुपए में बताया जा रहा है। नकदी मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।


वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर चील्ह थाने पहुंचाया गया। चील्ह थाना में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चार बैगों में बरामद नोटों की गिनती कराई गई। नगर मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार की निगरानी में बैंक के दो कर्मचारियों ने एक मशीन से करीब तीन घंटे तक नोटों की गिनती की। बरामद नकदी करीब 4 करोड़ रुपए बताई जा रही है। मामला चील्ह थाना क्षेत्र का है।


पुलिस के अनुसार, एक फॉर्च्यूनर ट्रांसपोर्ट कंपनी मिर्जापुर के नाम पर पंजीकृत है, जबकि दूसरी बिना नंबर प्लेट की गाड़ी मध्य प्रदेश के सीधी निवासी भारत सिंह की बताई जा रही है। दोनों कारोबारी वाराणसी से मिर्जापुर आ रहे थे। पूछताछ के बाद नकदी आयकर विभाग को सौंप दी गई है


गाड़ियों में मौजूद लोगों से पूछताछ


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों फॉर्च्यूनर गाड़ियों के मालिक कौन हैं, इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले में संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ गाड़ियों में मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।


अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद धनराशि वैध है या अवैध। दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


उधर, करोड़ों की नकदी मिलने की खबर फैलते ही चील्ह थाने के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

#

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.