गर्मी को लेकर अलर्ट मोड में योगी सरकार, CM बोले- अस्पताल और बिजली-पानी व्यवस्था में न हो लापरवाही
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि अस्पतालों, पेयजल और बिजली व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजन को राहत देने के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और मजदूर वर्ग को लू से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। सीएम योगी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां, बेड, ओआरएस और जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहें। वहीं बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और पेयजल संकट वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकाय, स्वास्थ्य, ऊर्जा और जल संस्थान समेत सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सरकार पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है और प्रशासनिक अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

