Chitrakoot: बेकाबू ट्रैक्टर ने होमगार्ड को कुचला, मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; ट्रैक्टर में लगाई आग
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के कोटरा खाभा गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक होमगार्ड कर्मी की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी।
चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के कोटरा खाभा गांव में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक होमगार्ड कर्मी की मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी। मृतक होमगार्ड उदित कुमार निषाद (40) अपने भतीजे नन्हे के साथ उसकी दुकान के सामने किसी घर की बाउंड्री के पास खड़े थे। इसी दौरान एक बेकाबू ट्रैक्टर आया और ट्रैक्टर चालक ने पहले नन्हे की ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन फिर उदित की ओर ट्रैक्टर बढ़ा दिया, इससे वह दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसको लेकर सीएचसी पहुंचे, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिजन आग बबूला हो गए और ट्रैक्टर में आग लगा दी। घटना के बाद चालक फरार है। ग्राम प्रधान महेन्द्र बलुआ ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ फहद अली, थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा कर शांत कराया और मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।

