रीलबाज दरोगा लाइन हाजिर, वसूली और महिला शिकायत दबाने पर दो सस्पेंड; एसएसपी अनुराग आर्य के एक्शन से पुलिस महकमे में हड़कंप
बरेली में एसएसपी अनुराग आर्य ने पुलिस महकमे में ऐसा सख्त एक्शन लिया कि एक ही दिन में तीन दरोगाओं पर गाज गिर गई। किसी पर सोशल मीडिया पॉलिसी तोड़कर वर्दी की गरिमा धूमिल करने का आरोप लगा, तो कोई युवक को थाने में बैठाकर कथित वसूली के मामले में फंस गया। वहीं महिला संबंधी शिकायत में लापरवाही बरतने वाले दरोगा को भी तत्काल निलंबित कर दिया गया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा रहा।
इंस्टाग्राम रील ने बिगाड़ा खेल
पहला मामला फरीदपुर थाने में तैनात दरोगा शुभम सोम का है। पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आया कि “si_shubh_thakur” नाम की इंस्टाग्राम आईडी से सोशल मीडिया पॉलिसी-2023 के विपरीत पोस्ट और रील अपलोड की जा रही थीं। जांच में यह आईडी दरोगा शुभम सोम की निकली। मामला सामने आते ही एसएसपी अनुराग आर्य ने उन्हें तत्काल लाइन हाजिर कर दिया और विभागीय जांच बैठा दी।
युवक को थाने में बैठाकर 50 हजार वसूलने का आरोप
दूसरा मामला प्रेमनगर थाने से जुड़ा है। भमोरा निवासी राहुल शंखधार ने आरोप लगाया कि दरोगा शुभम चौधरी ने उसे अवैध रूप से थाने में बैठाया, मारपीट की और 50 हजार रुपये लेकर सादे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए। शिकायत को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने दरोगा को तत्काल निलंबित कर जांच शुरू करा दी।
महिला शिकायत दबाने पर कार्रवाई
तीसरा मामला हाफिजगंज क्षेत्र का है, जहां शादी समारोह में छेड़खानी, पीछा करने और मोबाइल तोड़ने की शिकायत पर कार्रवाई न करने के आरोप में दरोगा चन्द्रपाल सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया।
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ संदेश दिया है कि वर्दी की साख खराब करने, भ्रष्टाचार, महिला मामलों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।, #bareillyjhumkacity #akhileshyadavsamajwadiparty #BAREILLYNEWS #YogiAdityanath #policeofficer #yadavsamaj #police #ips

