मेडिकल कॉलेज पर इलाज में लापरवाही के आरोप, जिला पंचायत सदस्य ने प्रिंसिपल से मांगा इस्तीफा
शाहजहांपुर। मेडिकल कॉलेज में इलाज में लापरवाही और अव्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। जिला पंचायत सदस्य अनिल प्रजापति ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए व्यवस्थाओं की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
अनिल प्रजापति ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में बेड खाली होने के बावजूद मरीजों को समय पर भर्ती नहीं किया जा रहा है। मरीज घंटों तक इलाज के इंतजार में तड़पते रहते हैं, लेकिन न तो उन्हें तत्काल चिकित्सा सुविधा मिलती है और न ही बेड उपलब्ध कराया जाता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी तरह चरमरा चुकी हैं और कई बार शिकायतों के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। जिला पंचायत सदस्य ने मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के भी आरोप लगाए।
अनिल प्रजापति ने मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल राजेश कुमार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि अस्पताल की व्यवस्था नियंत्रित नहीं हो पा रही है तो उन्हें नैतिक आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
