Budaun News: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया दूसरा ट्रक, चालक गंभीर रूप से घायल

0 India100news


 Budaun News: सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराया दूसरा ट्रक, चालक गंभीर रूप से घायल


बदायूं के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में दातागंज रेलवे फाटक के पास बुधवार को हादसा हो गया। नींद की झपकी आने से अनियंत्रित हुआ तेज रफ्तार लोडेड ट्रक सड़क किनारे खड़े दूसरे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी जिले के थाना फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव खड़ंजा पूजा निवासी कुलवंत सिंह (58) ट्रक में सामान लादकर पीलीभीत से मथुरा रिफाइनरी जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में उन्हें नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर दातागंज रेलवे फाटक के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा टकराया।


काफी देर तक केबिन में फंसा रहा चालक

भीषण टक्कर के कारण ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और चालक कुलवंत सिंह उसमें फंस गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक की बॉडी काटकर चालक को बाहर निकाला गया।

जिला अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

रेस्क्यू के बाद घायल चालक को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। चिकित्सकों के अनुसार चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।


हादसे से कुछ देर बाधित रहा यातायात

दुर्घटना के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.