शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज दवा चोरी कांड में नया मोड़, लखनऊ का वाहन स्वामी गिरफ्तार

0 India100news

 


शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज दवा चोरी कांड में नया मोड़, लखनऊ का वाहन स्वामी गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में चर्चित मेडिकल कॉलेज दवा चोरी प्रकरण में शहर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ निवासी अमर पाण्डेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उस वाहन का मालिक है, जिसमें मेडिकल कॉलेज से चोरी कर ले जाई जा रही दवाइयां बरामद हुई थीं।


मामले की विवेचना कर रहे इंस्पेक्टर क्राइम पवन शर्मा ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अमर पाण्डेय की संलिप्तता सामने आई है। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि पकड़े गए दवाइयों से भरे वाहन का स्वामित्व भी उसी के नाम पर है।


## क्या है पूरा मामला


दरअसल 14 जून 2024 को मेडिकल कॉलेज के तत्कालीन सीएमएस डॉ. नैपाल सिंह ने शहर कोतवाली में चीफ फार्मासिस्ट जेडी बंसल, फार्मासिस्ट मोहम्मद जुबैर अली और नंदकिशोर के खिलाफ आईपीसी की धारा 409 और 120बी के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।


शिकायत के अनुसार मेडिकल कॉलेज परिसर से दवाइयों और मेडिकल सामान से भरा एक कमर्शियल वाहन पकड़ा गया था। वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। शुरुआती जांच में सामने आया कि मेडिकल कॉलेज की दवाइयों और सामान को चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा था।


## दबाव के बाद तेज हुई कार्रवाई


सूत्रों के अनुसार मामला लंबे समय तक ठंडे बस्ते में पड़ा रहा। हाल ही में प्रभारी मंत्री नरेंद्र कश्यप की प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी।


इसके बाद फार्मासिस्ट मोहम्मद जुबैर अली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि चीफ फार्मासिस्ट जेडी बंसल को अदालत से जमानत मिल गई। मामले में नामजद तीसरा आरोपी नंदकिशोर अभी भी फरार बताया जा रहा है।


अब विवेचना के दौरान पुलिस ने लखनऊ निवासी वाहन स्वामी अमर पाण्डेय को गिरफ्तार किया है।


## खरीददार पर अब भी सस्पेंस


मामले का सबसे बड़ा सवाल अब भी बरकरार है कि मेडिकल कॉलेज से चोरी की जा रही दवाइयों का खरीददार कौन था। करीब दो वर्ष बीतने के बावजूद पुलिस अब तक इस नेटवर्क के अंतिम छोर तक नहीं पहुंच सकी है।


स्थानीय लोगों और सूत्रों का कहना है कि वर्षों से दवाइयों से भरी गाड़ियां लगातार बाहर भेजी जा रही थीं। यदि खरीददारों का खुलासा होता है तो कई प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आ सकते हैं।


नवागत पुलिस कप्तान सौरभ दीक्षित के सख्त निर्देशों के बाद अब मामले में तेजी जरूर आई है, लेकिन पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होना अभी बाकी माना जा रहा है।


**फोटो : पुलिस गिरफ्त में आरोपी अमर पाण्डेय।**


#Shahjahanpur #MedicalCollege #BreakingNews #ShahjahanpurNews #UttarPradesh #MedicineScam #PoliceAction #ViralNews

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.