युवक का नाले में मिला शव, शराब ठेके को बंद कराने को ग्रामीणों का तांडव, पुलिस पर बरसाए पत्थर, कई घायल
फर्रुखाबाद के राजेपुर में शराब पीन गए युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीण सड़क पर उतर आए। शराब ठेके को बंद कराने की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर 50 महिलाओं समेत 150 लोग प्रदर्शन करने लगे। जब पुलिस समझाने पहुंची, तो अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया। जिसमें 2 दरोगा के सिर फूट गए। एक सिपाही के हाथ पर सरिया से हमला। कुछ मीडिया कर्मियों को भी चोट आई है। 2 कारों को पूरी तरह तोड़ दिया।
हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस को जान बचाकर भागना पड़ा। इसके बाद 5 थानों की पुलिस फोर्स बुलाया गया, लाठीचार्ज करके ग्रामीणों को खदेड़ा। पुलिस ने पूरे गांव में फ्लैग मार्च करके पथराव करने वाले 6 लोगों को हिरासत में लिया है। वहां करीब 2 घंटे तक हंगामा चला।
घटना जिला मुख्यालय से 12 Km दूर इटावा-बरेली हाइवे से कनेक्टेड चाचूपुर लिंक रोड पर राजेपुर थाना क्षेत्र की है। शनिवार सुबह 24 साल के लड़के का शव नाले में मिला था। वह करीब 11 घंटे से लापता था। परिजनों ने आरोप लगाया- गांव में इसी देशी शराब ठेके से युवा नशे का शिकार हो रहे हैं। जिसके बाद ग्रामीणों ने ठेके के सामने लाश रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ठेके में जमकर तोड़फोड़ भी की।

