डकैती की तैयारी कर रहे पांच बदमाश दबोचे, बिहार से चोरी किए गए जेवर बरामद
शाहजहांपुर। रोजा थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बिहार में चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, स्मैक, अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त इनोवा कार बरामद की है। सोमवार तड़के करीब 3:10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश परी नमकीन फैक्ट्री तिराहे के पास वाहन में बैठकर किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पांच आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मगरूर, मिदरी, अबरम, पतले निवासी पंखाखेड़ा थाना मदनापुर और राहुल तौमर निवासी बदायूं शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने 103 ग्राम सोने व 780 ग्राम चांदी के जेवर, 6.5 ग्राम स्मैक, एक तमंचा .315 बोर, दो कारतूस, नकब लगाने के उपकरण, तीन मोबाइल फोन, नगदी और टोयोटा इनोवा कार बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न जिलों और राज्यों में चोरी व डकैती की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने बिहार के गया जनपद के रघुनाथपुर गांव में हाल ही में हुई चोरी की घटना को भी कबूल किया। पुलिस का कहना है कि बरामद जेवर उसी घटना से संबंधित हैं।पुलिस के मुताबिक गिरोह वारदात के लिए इनोवा कार का इस्तेमाल करता था। वाहन मगरूर की बहन नगीना के नाम पंजीकृत बताया गया है। रोजा थाना में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

