वेतन स्लिप के बहाने बुलाकर महिला सफाई कर्मी के साथ प्रधान ने किया बलात्कार
======================================
सिंधौली क्षेत्र की ग्राम पंचायत में तैनात है दलित विधवा कर्मी,पुलिस जाँच में जुटी
======================================
शाहजहांपुर। जनपद के थाना सिंधौली क्षेत्र में एक ग्राम प्रधान पर सफाईकर्मी महिला ने दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी प्रधान ने वेतन स्लिप पर हस्ताक्षर कराने के बहाने उसे अपने घर बुलाया और वहां जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार वह पति की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित के आधार पर ग्राम भायपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। महिला का आरोप है कि ग्राम प्रधान लंबे समय से उस पर गलत नजर रखता था और विरोध करने पर नाराज रहता था। महिला ने बताया कि 18 मई की सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे प्रधान ने फोन कर पैना बुजुर्ग स्थित अपने मकान पर बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही आरोपी ने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया, जातिसूचक शब्द कहे और जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद आरोपी लगातार फोन पर धमकी दे रहा है, जिससे वह भयभीत है। महिला ने पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
