कुत्तों-बंदरों और छुट्टा सांडों से परेशान व्यापारी, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन
शाहजहांपुर। शहर में बढ़ते आवारा कुत्तों, बंदरों और छुट्टा पशुओं के आतंक को लेकर व्यापारियों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी महानगर कार्यालय पर जुटे और वहां से महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचे। व्यापारियों ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग उठाई। महानगर अध्यक्ष सचिन बाथम ने कहा कि शहर में हिंसक कुत्तों, बंदरों और छुट्टा सांडों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन महिलाएं, बच्चे और राहगीर इनका शिकार हो रहे हैं। बाजारों में ग्राहक आने से डर रहे हैं, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने हाल ही में हुए दर्दनाक हादसे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। उन्होंने नगर निगम से मांग की कि एक विशेष टोल-फ्री नंबर जारी किया जाए, ताकि शहर के किसी भी हिस्से में आवारा जानवरों की सूचना तत्काल दी जा सके और निगम की टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सके। व्यापार मंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बाजारों और मोहल्लों से हिंसक व आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए डॉग-कैचर गाड़ियां चलाने, सड़कों पर घूम रहे छुट्टा सांडों को पकड़कर गौशालाओं में भेजने तथा बंदरों के बढ़ते प्रकोप से निजात दिलाने के लिए वन विभाग के समन्वय से कार्ययोजना बनाने की मांग की गई। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीर बताते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान जिला महामंत्री आकाशदीप गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री सुरेंद्र सिंह सेठ, युवा जिला अध्यक्ष उवैस हसन खां, महानगर वरिष्ठ मंत्री रेहान मिर्जा, इकबाल खां (लक्की), सरताज हसन, मोईन खान, अजमल हुसैन, मयंक, अशोक गुप्ता, ज्ञान चंद्र, सच्चिदानंद, खालिद, दानिश मलिक, सिकंदर, दिलशाद, मुश्ताक, आसिफ अली, डॉ. रिजवानुद्दीन, सरताज अली चांद, सुशील दीक्षित, अजीत सिंह साहनी और रितेश सेठी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

