***** #केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद की पहल पर शाहजहांपुर को मिली नई रेल सौगात *****
टनकपुर-पीलीभीत रेल का संचालन अब शाहजहांपुर तक, यात्रियों को मिलेगा लाभ
शाहजहांपुर ;- जनपद को केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयास से जिले को एक नई सौगात मिली है। रेल मंत्रालय ने टनकपुर-पीलीभीत रेलगाड़ी संख्या 55322/55323 का संचालन शाहजहांपुर तक विस्तारित करने का निर्णय लिया है। इससे शाहजहांपुर और पीलीभीत के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा का लाभ मिलेगा। चेतन प्रसाद के यहां से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ब्रॉडगेज लाइन शुरू होने के बाद से क्षेत्र के लोग #शाहजहांपुर तक रेल सेवा विस्तार की मांग कर रहे थे। इस मांग को केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया, जिसके बाद रेलगाड़ी के विस्तार को मंजूरी मिली।
रेल सेवा के विस्तार से विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों, किसानों और दैनिक यात्रियों को विशेष लाभ होगा। वहीं टनकपुर स्थित पूर्णागिरि धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यात्रा अधिक आसान हो जाएगी। माना जा रहा है कि इससे क्षेत्रीय व्यापार, शिक्षा और रोजगार गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।ज्ञात हो केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र की रेल सुविधाओं में लगातार सुधार हुआ है। इससे पहले शाहजहांपुर-पीलीभीत पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू कराया गया था। साथ ही गोमती नगर-सहारनपुर और लखनऊ-देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस का #शाहजहांपुर स्टेशन पर ठहराव भी सुनिश्चित हुआ है।
मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए अन्य ट्रेनों के ठहराव और नई रेल सेवाओं के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



