प्रेमिका से बातचीत बनी मौत की वजह यूकेलिप्टिस के बाग में युवक को उतारा मौत के घा
शाहजहांपुर। थाना मदनापुर क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेम प्रसंग में उपजे विवाद ने इस वारदात को खूनी संघर्ष में बदल दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार ग्राम चंदपुर निवासी हरिओम की हत्या प्रेम संबंधों को लेकर हुई थी। मामले के खुलासे के लिए थाना मदनापुर पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम को लगाया गया था। जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए अभियुक्त अभिषेक ने पूछताछ में बताया कि वह गांव की एक युवती से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था। कुछ समय पहले उसके चंडीगढ़ चले जाने के बाद हरिओम युवती से बातचीत करने लगा था। इसी बात को लेकर वह अंदर ही अंदर रंजिश पाल बैठा था। पुलिस के मुताबिक 7 मई को अभिषेक ने हरिओम को फोन कर यूकेलिप्टिस के बाग में बुलाया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने लोहे की पाइप से हरिओम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में कई टीमें गठित की गईं। सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार सुबह चन्दोखा तिराहे के पास से आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की पाइप भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

