पीलीभीत में सनसनीखेज हत्याकांड: ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने पति संग मिलकर पूर्व प्रेमी को उतारा मौत के घाट

0 India100news

 


पीलीभीत में सनसनीखेज हत्याकांड: ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने पति संग मिलकर पूर्व प्रेमी को उतारा मौत के घाट


उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ ब्लैकमेलिंग से तंग आकर एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने पूर्व प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी महिला शुभप्रीत कौर और उसके पति सतेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


पुलिस जांच में सामने आया कि शुभप्रीत कौर का गुरबाज़ सिंह नामक युवक के साथ लंबे समय तक प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच संबंध खत्म होने के बाद भी गुरबाज़ के पास महिला के कुछ निजी फोटो और वीडियो मौजूद थे। आरोप है कि इन्हीं के आधार पर वह लगातार शुभप्रीत को ब्लैकमेल कर रहा था और मिलने का दबाव बना रहा था।


ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर शुभप्रीत ने पूरी बात अपने पति सतेंद्र को बताई। इसके बाद दोनों ने मिलकर गुरबाज़ को रास्ते से हटाने की साजिश रची।


बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को शुभप्रीत ने गुरबाज़ को “मूड बनाने” के बहाने तकिया दीनारपुर मंदिर के पास स्थित एक खंडहर में बुलाया। वहां सतेंद्र पहले से ही लोहे की रॉड और डंडों के साथ छिपा बैठा था। जैसे ही गुरबाज़ मौके पर पहुँचा, पति-पत्नी ने उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।


हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को खंडहर में छिपा दिया और मृतक का मोबाइल पास की नहर में फेंक दिया, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। हालांकि तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, डंडा और मृतक की चेन भी बरामद कर ली है।


फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.