बिना पंजीकरण चल रहा क्लीनिक? स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*

0 India100news

 *


बिना पंजीकरण चल रहा क्लीनिक? स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*



*पसगवां-खीरी।* क्षेत्र के घाघपुर के चंदीला तिराहे पर स्थित क्लीनिक को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार क्लीनिक में लंबे समय से मरीजों का इलाज किया जा रहा है, जबकि इस संबंध में जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पसगवां से जानकारी ली गई तो बताया गया कि संबंधित क्लीनिक का कोई पंजीकरण उपलब्ध नहीं है। साथ ही संचालक के नाम पर किसी मान्यता प्राप्त चिकित्सा डिप्लोमा अथवा योग्यता की जानकारी भी विभागीय अभिलेखों में नहीं मिली।


क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि क्लीनिक पर प्रतिदिन मरीजों का उपचार किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। इससे स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।


जानकारों का कहना है कि बिना पंजीकरण अथवा आवश्यक मानकों के चिकित्सा संस्थान का संचालन मरीजों की सेहत के साथ बड़ा जोखिम साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में विभागीय जांच और कार्रवाई बेहद जरूरी होती है।


स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा क्लीनिक के संचालन संबंधी सभी दस्तावेजों की जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि क्लीनिक वैधानिक मानकों को पूरा नहीं करता है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।


अब बड़ा सवाल यह है कि यदि क्लीनिक वास्तव में बिना पंजीकरण संचालित हो रहा है, तो आखिर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अब तक कार्रवाई क्यों नहीं कर पाए? क्या विभाग की नजर इस क्लीनिक पर नहीं पड़ी, या फिर शिकायतों के बावजूद मामला अनदेखा किया जा रहा है?


*फिलहाल मामले में स्वास्थ्य विभाग का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।*

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.