डीएम के निर्देश पर कार्रवाई, बिना अनुमति चल रहा था मैरिज हॉल

0 India100news

 


डीएम के निर्देश पर कार्रवाई, बिना अनुमति चल रहा था मैरिज हॉल


शाहजहांपुर – शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे मैरिज हॉलों के खिलाफ शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। ताजा कार्रवाई रोशनगंज स्थित खान साहब की बगिया में संचालित वेंकट हॉल/मैरिज हॉल पर की गई, जिसे नियमों के विपरीत पाए जाने पर सील कर दिया गया।स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह से शिकायत की थी कि शहर के बीचोंबीच संचालित इस मैरिज हॉल में देर रात तक तेज डीजे बजने से मोहल्लेवासी परेशान हैं। मामले की शिकायत शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण से भी की गई थी।प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण के सचिव अजय कुमार त्रिपाठी को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद प्राधिकरण की ओर से मैरिज हॉल संचालक को नोटिस जारी कर संचालन संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करने को कहा गया।नोटिस मिलने के बाद संचालक प्राधिकरण कार्यालय में उपस्थित हुआ, लेकिन उसने स्वीकार किया कि उसके पास मैरिज हॉल संचालन से संबंधित कोई अनुमति अथवा अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। संचालक के अनुरोध पर सचिव प्राधिकरण ने एक सप्ताह का समय दिया, ताकि यदि कोई वैध अनुमति हो तो प्रस्तुत की जा सके।


समय सीमा समाप्त होने के बाद भी संचालक कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सचिव अजय कुमार त्रिपाठी ने अवर अभियंता प्रदीप त्रिवेदी एवं रमेश चंद्र वर्मा की दो सदस्यीय टीम गठित कर स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कराई।जांच आख्या में दोनों अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि संबंधित वेंकट हॉल/मैरिज हॉल रेगुलेशन जोनिंग-2025 के प्रावधानों के प्रतिकूल संचालित हो रहा है तथा इस क्षेत्र में इस प्रकार की गतिविधि अनुमन्य नहीं है।आख्या के परीक्षण एवं उपलब्ध प्रावधानों के आधार पर सचिव प्राधिकरण ने मैरिज हॉल को विधि विरुद्ध रूप से संचालित मानते हुए तत्काल प्रभाव से उसकी गतिविधियां प्रतिबंधित करने और भवन को सील करने का आदेश जारी किया।आदेश के अनुपालन में शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण की टीम ने स्थानीय पुलिस, नामित मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार सदर की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर मैरिज हॉल को सील कर दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

About Us