मुख्य मार्गों पर सामान रखने वालों पर लगेगा जुर्माना, दो महीने में बदलेगी शहर की तस्वीर
शाहजहांपुर। शहर को ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्रशासन अब सख्त कदम उठाने जा रहा है। मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में साफ कर दिया गया कि मुख्य मार्गों पर दुकान के बाहर सामान रखने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। बैठक में नगर निगम क्षेत्र के सभासदों, व्यापार मंडल, आरएसडब्ल्यू, किराना एसोसिएशन, कैमिस्ट एंड ड्रग एसोसिएशन सहित विभिन्न व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लेकर अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखे।जिलाधिकारी ने कहा कि शहर को जाम और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जनसहयोग के साथ-साथ सख्ती भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि करीब 75 करोड़ रुपये की लागत से 109 सड़कों के निर्माण और मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। बरसात से पहले खराब सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी, जबकि बिटुमिनस सड़कों का निर्माण वर्षा के बाद कराया जाएगा। दीपावली तक सभी सड़क परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि दुकान की ग्रिल से बाहर सामान रखने वाले दुकानदारों पर 1500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को शहर की सफाई व्यवस्था और पथ प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही रिक्शा संचालन को निर्धारित मार्गों तक सीमित करने की बात कही, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारु रह सके। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि बैठक में मिले सुझावों पर जल्द अमल किया जाएगा और प्रशासन व आमजन के सहयोग से अगले दो महीनों में शहर की यातायात व्यवस्था और व्यवस्थापन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी ऋषिपाल सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
DM Shahjahanpur

