हरदोई टेलीग्राम पर 8000 अश्लील वीडियो अपलोड कर नाबालिगों को बेचता था कंटेंट,हरदोई पुलिस ने आरोपी दबोचा
हरदोई में स्कूली बच्चों तक अश्लील वीडियो और फोटो पहुंचाने वाले बड़े ऑनलाइन नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। टेलीग्राम चैनलों के जरिए नाबालिग छात्रों को पैसे लेकर अश्लील कंटेंट उपलब्ध कराया जा रहा था। मामले का खुलासा तब हुआ जब हरदोई के एक नाबालिग छात्र का अश्लील वीडियो टेलीग्राम ग्रुप पर अपलोड कर दिया गया। पीड़ित छात्र की शिकायत के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
शहर कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर रोशन सिंह की तहरीर पर जांच शुरू हुई तो पुलिस को टेलीग्राम पर चल रहे चैनलों का पता चला। जांच में सामने आया कि आरोपी ने इन चैनलों पर करीब 8000 अश्लील वीडियो अपलोड कर रखे थे, जिनका एक्सेस सब्सक्रिप्शन लेकर दिया जाता था। बड़ी संख्या में लोगों ने इन चैनलों का पेड सब्सक्रिप्शन ले रखा था। साइबर जांच में पता चला कि सब्सक्रिप्शन की रकम एचडीएफसी बैंक के खाते में जमा हो रही थी।प्रतिमा सब्सक्रिप्शन के लिए ₹350 धनराशि ली जाती थी। यह खाता प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के उमरौली निवासी विकास सिंह पुत्र नंदकिशोर सिंह के नाम पर मिला। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खाते में करीब ढाई करोड़ रुपये जमा पाए गए, जिन्हें अश्लील सामग्री बेचकर कमाई गई रकम माना जा रहा है।
पुलिस ने आरोपी विकास सिंह को गिरफ्तार कर लिया और सोमवार को उसे एसडीएम सदर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से नाबालिग छात्रों को टारगेट कर रहा था। मामले के सामने आने के बाद अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में भारी चिंता है। साइबर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, चैनलों और फंडिंग की जांच में जुट गई है, ताकि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।

