लोहारों वाले चौराहे की बदहाली पर वित्तमंत्री सख्त, 8 माह से नरकीय हालात झेल रहे लोग
शाहजहांपुर। शहर के व्यस्ततम लोहारों वाले चौराहे पर चल रहे चौड़ीकरण और नाला निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार आखिरकार अब सरकार तक पहुंच गई है। शनिवार को प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने मौके का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की बदहाल स्थिति देखी और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए जल्द काम पूरा कराने के सख्त निर्देश दिए। करीब आठ माह से चल रहे निर्माण कार्य के कारण क्षेत्रीय लोग धूल, कीचड़ और जाम की समस्या से परेशान हैं। सड़कें खोदकर छोड़ दी गई हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण एजेंसियों की लापरवाही के चलते पूरा इलाका नरक में तब्दील हो चुका है। इससे पहले नगर आयुक्त और जिलाधिकारी भी कई बार निरीक्षण कर चुके हैं। अधिकारियों द्वारा तय समय में कार्य पूरा न होने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। अब वित्तमंत्री के निरीक्षण के बाद एक बार फिर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि समस्या केवल लोहारों वाले चौराहे तक सीमित नहीं है। शहर की कई मुख्य सड़कें और गलियां खुदाई व अधूरे निर्माण कार्यों के चलते बदहाल पड़ी हैं। जगह-जगह गड्ढे, टूटी सड़कें और जलभराव की आशंका लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।बरसात का मौसम नजदीक होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरे नहीं हुए तो बारिश में यही रास्ते जानलेवा साबित हो सकते हैं। बावजूद इसके लगातार निरीक्षण और निर्देशों के बाद भी धरातल पर सुधार नजर नहीं आ रहा

