जनपद शाहजहाँपुर में आज विकास भवन सभागार में दैवीय आपदा राहत सहायता एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता

0 India100news


जनपद शाहजहाँपुर में आज विकास भवन सभागार में दैवीय आपदा राहत सहायता एवं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता राशि वितरित करने हेतु एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना व कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सहकारिता विभाग जे॰पी॰स॰ राठौर उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ददरौल विधायक अरविंद कुमार, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष डी॰पी॰एस॰ राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष के.सी. मिश्रा, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविन्द कुमार सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में माननीय मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा दैवीय आपदाओं से प्रभावित परिवारों तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक एवं डमी चेक वितरित किए गए।

मुख्य अतिथि माननीय वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि किसी व्यक्ति के जीवन का कोई मूल्य नहीं लगाया जा सकता, किन्तु राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के दुःख को कम करने के उद्देश्य से आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके आँसू पोंछने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रदेश में आए आंधी-तूफान एवं बेमौसम वर्षा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराई गई है। दैवीय आपदाएँ मानव नियंत्रण से बाहर होती हैं, परंतु ऐसे कठिन समय में प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविन्द कुमार ने कार्यक्रम में दैवीय आपदा राहत से संबंधित प्रकरणों की जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 13 मई 2026 को तहसील तिलहर के ग्राम भीखमपुर खेड़ा बझेड़ा निवासी श्री आदेश पुत्र महेन्द्र की आंधी-तूफान के दौरान विद्युत पोल गिरने से मृत्यु हो गई थी। मृतक के आश्रितों को आपदा राहत मद से अनुमन्य ₹4.00 लाख की सहायता राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार ग्राम जोरा पट्टी चन्द्रभान, खेड़ा बझेड़ा, तहसील तिलहर निवासी श्री मंगल सिंह पुत्र सूरजपाल सिंह की एक दुधारू भैंस पर आंधी-तूफान के दौरान पकड़ का पेड़ गिरने से उसकी मृत्यु हो गई। पशुपालक को आपदा राहत मद से ₹37,500 की सहायता राशि प्रदान की गई। दिनांक 12 मई 2026 को आई आंधी एवं बेमौसम वर्षा से ग्राम जठियापुर, तहसील तिलहर निवासी श्री संजीव सिंह पुत्र विशाल सिंह की एक दुधारू भैंस पर पेड़ की भारी शाखा गिरने से उसकी मृत्यु हो गई। इसी प्रकार ग्राम हसनपुर, तहसील तिलहर निवासी श्री फूलचन्द्र पुत्र संतराम के तीन वर्षीय भैंसे की नीम का पेड़ गिरने से मृत्यु हो गई। दोनों पशुपालकों को आपदा राहत मद से प्रति पशु ₹37,500 की सहायता राशि वितरित की गई।

अपर जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत शासन द्वारा जनपद शाहजहाँपुर को ₹6.60 करोड़ की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। इस धनराशि से कुल 157 पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में तहसील सदर की लाभार्थी श्रीमती भावना, श्रीमती शीला राजपूत, श्रीमती हसमुखी, श्रीमती धनदेवी सहित अन्य लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से डमी चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार किसानों, श्रमिकों तथा आपदा प्रभावित परिवारों के कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम का समापन लाभार्थियों के प्रति शुभकामनाओं एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.