जल निगम की लापरवाही पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, 70 महिलाओं ने पार्षद संग सौंपा ज्ञापन

0 India100news

 


जल निगम की लापरवाही पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, 70 महिलाओं ने पार्षद संग सौंपा ज्ञापन 


शाहजहांपुर। जलालनगर बाहर चुंगी क्षेत्र में जल निगम की पेयजल पाइपलाइन परियोजना लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। वार्ड 30 की गलियां कई हफ्तों से खुदी पड़ी हैं, जिससे स्थानीय लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नाराज महिलाओं ने पार्षद रीता राठौर के नेतृत्व में प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान की मांग की।

 वार्ड 30 की पार्षद रीता राठौर और उनके पति छंगेलाल राठौर के नेतृत्व में करीब 70 महिलाएं एकत्र हुईं। सभी ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम न्यायिक चित्रा निर्माल को सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जल निगम के ठेकेदार ने पाइपलाइन डालने के लिए गलियों को खोद तो दिया, लेकिन उन्हें समतल कराने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। पार्षद ने बताया कि गदियाना, जागृति नगर, अंबेडकर नगर, शांतिपुरम, प्रपोश और सैनिक कॉलोनी जैसी घनी आबादी वाली बस्तियों में हालात बेहद खराब हैं। जगह-जगह खुले गड्ढे और सड़कों पर पड़ी मिट्टी के कारण लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। बारिश के दौरान कीचड़ से खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूली बच्चे आए दिन गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जबकि महिलाएं और बुजुर्ग फिसलकर घायल हो रहे हैं। कई गलियों में हालत इतने खराब हैं कि एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही है। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो प्रोजेक्ट मैनेजर मौके पर पहुंचे और न ही कोई प्रभावी कार्रवाई हुई।ज्ञापन में मांग की गई है कि ठेकेदार को पर्याप्त मजदूर लगाकर जल्द कार्य पूरा कराने, खोदी गई गलियों को तुरंत समतल कराने और सड़कों पर पड़ी मिट्टी हटवाने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में सुनीता गुप्ता, रजनी गुप्ता, फूलमती, दीपिका पांडे, जामवती समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। वहीं मुन्नू सिंह, मनोज श्रीवास्तव, सचिन सैनी और संजय कनौजिया सहित कई स्थानीय लोग भी शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.