सोशल मीडिया पर ‘बाबा गैंग’ का खौफ, रंगदारी और फायरिंग में 6 गिरफ्तार
संभल। सोशल मीडिया पर ‘बाबा गैंग’ के नाम से दहशत फैलाकर रंगदारी मांगने वाले गिरोह पर संभल पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। जुनावई थाना पुलिस ने स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह गिरोह लोगों को धमकाकर रुपये की डिमांड करता था और इलाके में खौफ कायम करने के लिए हवाई फायरिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक जुनावई थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उससे एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रकम न देने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हवाई फायरिंग की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गैंग के कुछ सदस्य बोलेरो गाड़ी से इलाके में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो युवकों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ दीपेंद्र, अवधेश उर्फ उपदेश, प्रिंस, कुलदीप उर्फ जुडेजा, अमन शर्मा और सुरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि यह गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग नामों से सक्रिय रहकर युवाओं को अपने साथ जोड़ने और दबदबा बनाने की कोशिश कर रहा था। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार रावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य लोगों और सोशल मीडिया के जरिए संचालित आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने और सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

