गोंडा:बिजली विभाग में 5 अवर अभियंताओं का ट्रांसफर, विरोध प्रदर्शन के चलते हटाए गए शिव प्रसाद मिश्रा, मुख्य अभियंता ने की कार्रवाई

0 India100news

 


गोंडा:बिजली विभाग में 5 अवर अभियंताओं का ट्रांसफर, विरोध प्रदर्शन के चलते हटाए गए शिव प्रसाद मिश्रा, मुख्य अभियंता ने की कार्रवाई


गोंडा जिले में बिजली समस्याओं को देखते हुए देवीपाटन मंडल के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बड़ा फैसला लिया है बेहतर सेवा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पांच अवर अभियंताओं का तबादला किया गया है। ये सभी अवर अभियंता लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे।


मंडल कार्यालय से संबद्ध अवर अभियंता जाहिद अली को उपकेंद्र जेल रोड की जिम्मेदारी सौंपी गई है,जिसे एक महत्वपूर्ण उपकेंद्र माना जाता है। वहीं उपकेंद्र अंबेडकर चौराहा पर तैनात अवर अभियंता शिव प्रसाद मिश्रा को बीते दिनों हुए विरोध प्रदर्शन के चलते हटाते हुए स्थानांतरण आर्य नगर उपकेंद्र पर कर दिया गया है।


आर्य नगर एक ग्रामीण उपकेंद्र है जहां से बिजली संबंधी शिकायतें लगातार मिल रही थीं। अंबेडकर चौराहा विद्युत उपकेंद्र को अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यह अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों को बिजली आपूर्ति करता है।


इस उपकेंद्र की नई जिम्मेदारी अब जेल रोड पर तैनात रहे अवर अभियंता कुलदीप यादव को दी गई है। इसके अतिरिक्त, अनिरुद्ध सिंह को चंदवतपुर घाट और विनोद कुमार गौतम को मनकापुर टाउन उपकेंद्र में तैनाती मिली है। बीते दिनों अंबेडकर चौराहे पर बिजली समस्याओं को लेकर उपभोक्ताओं ने रात में घंटों तक गोंडा-लखनऊ हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।


इस घटना के बाद ही यहां के अवर अभियंता शिव प्रसाद मिश्र को हटाया गया है और कुलदीप यादव अब यहां की व्यवस्था संभालेंगे। बिजली विभाग के मुख्य अभियंता देवीपाटन मंडल यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि इन पांच अवर अभियंताओं का तबादला उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान करने के लिए किया गया है।


उन्होंने यह भी कहा कि अंबेडकर चौराहे पर उपभोक्ताओं द्वारा सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया था, जिसमें समय पर बिजली न मिलने का आरोप था। मुख्य अभियंता ने बताया कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए शिव प्रसाद मिश्र को अंबेडकर चौराहा से हटाकर आर्य नगर भेजा गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर बिजली मिले, यह उनकी प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। लगातार हमारे सभी अधिकारी, कर्मचारी फील्ड में लगे हुए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.