शाहजहांपुर में शादीशुदा महिला टावर पर चढ़ी,प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी थी, 2 घंटे बाद पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा

0 India100news

 


शाहजहांपुर में शादीशुदा महिला टावर पर चढ़ी,प्रेमी को बुलाने की जिद पर अड़ी थी, 2 घंटे बाद पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा


शाहजहांपुर में मंगलवार शाम करीब पांच बजे एक महिला टावर पर चढ़ गई। उसने अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला को नीचे उतारा।


महिला की मांग थी कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए। रोजा थाने की पुलिस ने महिला को नीचे उतारने के बाद उसे और उसके प्रेमी को कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा है। प्रेमी के चार बच्चे हैं और महिला के दो बच्चे हैं।


दरअसल, चौक कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली इस महिला की शादी चार साल पहले थाना कांट क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। शादी के बाद महिला का अपने मायके में पड़ोस के एक युवक से प्रेम प्रसंग हो गया, जिसके चार बच्चे हैं। परिवार को इस संबंध की जानकारी होने पर विरोध हुआ।


करीब तीन साल पहले महिला ने अपने प्रेमी पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। हालांकि, बाद में प्रेमी के कहने पर महिला ने उसके पक्ष में कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र भी दिया था। महिला अनुसूचित जाति से है, इसलिए एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है।


महिला का आरोप है कि दो दिन पहले प्रेमी ने फोन करके उस पर समझौते का दबाव बनाया था, जिसके बाद उसने फिर से बात करना बंद कर दिया। इसी बात से नाराज होकर महिला टावर पर चढ़ गई और प्रेमी को मौके पर बुलाने की जिद करने लगी। इस घटना का वीडियो देर शाम सामने आया है।


थाना प्रभारी उमेश मिश्रा ने बताया कि महिला को नीचे उतार लिया गया है। महिला ने पहले भी प्रेमी के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। आगे की कार्रवाई कोतवाली पुलिस द्वारा की जाएगी।

#आपका_अपना_शहर

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.