शाहजहांपुर। राजकीय मेडिकल कॉलेज के अजीजगंज स्थित अस्पताल परिसर में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि सरकार की ओर से निःशुल्क पौष्टिक भोजन की व्यवस्था होने के बावजूद उन्हें बेहद खराब गुणवत्ता का खाना परोसा जा रहा है।
आरोप है कि सुबह मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप दूध और पौष्टिक दलिया देने के बजाय केवल पानी जैसा पतला दलिया दिया जा रहा है। मरीजों का कहना है कि दलिया में दूध नाम मात्र का भी नहीं होता, जबकि अभिलेखों में दूध और दलिया दोनों वितरित दिखाए जाते हैं। इससे अस्पताल कर्मचारियों और ठेकेदार की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
मरीजों ने दोपहर और रात के भोजन की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि दाल अत्यधिक पतली होती है, सब्जी बहुत कम मात्रा में दी जाती है और रोटियां कई बार जली या कच्ची परोसी जाती हैं। साथ ही एक मरीज के नाम पर दो-दो डाइट दर्शाकर सरकारी धन के दुरुपयोग की भी शिकायत सामने आई है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले गरीब मरीजों को पोषणयुक्त भोजन मिलना चाहिए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ साबित हो रही है। आरोप है कि भोजन व्यवस्था में अनियमितताओं से सरकार को आर्थिक नुकसान भी पहुंच रहा है।
लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित ठेकेदार का भुगतान रोकने और दोष सिद्ध होने पर ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई गई है।

